बिलासपुर, 09 जुलाई (आरएनएस)। जिले के कोनी थाना क्षेत्र के सेमरताल भदोरिया खार बरपाली गांव में जमीन और पानी निकासी के पुराने विवाद ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया। दो पड़ोसी परिवारों के बीच हुए विवाद में जमकर लाठी-डंडे चले, जिससे महिला और पुरुषों सहित एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई।
पुलिस के अनुसार, एक पक्ष के हरवंश राजू लोनिया ने शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि पड़ोसी हरीशानंद, परमानंद, संतोषानंद और उनके बेटों ने सड़क पर मिट्टी डालकर पानी निकासी का रास्ता बंद कर दिया था। इसका विरोध करने पर आरोपियों ने कथित तौर पर उनके घर में घुसकर गाली-गलौज की और लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे परिवार के कई सदस्य घायल हो गए।
वहीं दूसरे पक्ष के हरीशानंद लोनिया ने भी कोनी थाना में शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि वह अपने आंगन में मौजूद थे, तभी पड़ोसी राजेश, राजू, भानू और बैसाखूराम लाठी-डंडे लेकर पहुंचे और उन पर हमला कर दिया। इस मारपीट में उनके परिवार के कई लोगों को चोटें आई हैं।
घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई है। कोनी थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की काउंटर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
०


