चित्रकूट 9 जुलाई (आरएनएस)। वनांचल क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कामदगिरि महर्षि वाल्मीकि वनांचल स्वास्थ्य सेवा यात्रा-2026 का गुरुवार को शुभारंभ हो गया। विश्व आयुर्वेद परिषद और अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह यात्रा 9 से 12 जुलाई तक चलेगी। इसका संयोजन कल्याण केंद्र मानिकपुर द्वारा किया जा रहा है।
कार्यक्रम का उद्घाटन आरोग्य भारती के डॉ. पंकज भाटिया, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. महेंद्र कुमार त्रिपाठी, उपजिलाधिकारी मो. जसीम, बनारस के डॉ. कमलेश द्विवेदी और यात्रा प्रमुख डॉ. मनीष मिश्रा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान छात्रावास की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। अतिथियों का चंदन-अक्षत से स्वागत किया गया। वनवासी कल्याण आश्रम के अध्यक्ष राजनारायण तिवारी ने कहा कि संस्था वनवासी और अनुसूचित जाति समाज को स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार से जोडऩे के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि यह स्वास्थ्य सेवा यात्रा का दूसरा वर्ष है और इसका उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों तक चिकित्सा सुविधा पहुंचाना है।
आयोजकों के अनुसार, शिविर में प्रदेश के करीब 20 आयुर्वेद महाविद्यालयों से शिक्षक, चिकित्सक, रेजिडेंट डॉक्टर, इंटर्न और छात्र-छात्राएं शामिल हुए हैं। गठित टीमें क्षेत्र में पहुंचकर त्वचा, अस्थि, स्त्री, बाल, नेत्र, हृदय व शल्य रोगों के साथ आयुर्वेद की विभिन्न पद्धतियों से उपचार व परामर्श देंगी। कार्यक्रम का संचालन अजय तिवारी ने किया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

