चित्रकूट 9 जुलाई (आरएनएस)। जिले में उन्नत खेती को बढ़ावा देने और किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण कृषि इनपुट उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में गुरुवार को उप कृषि निदेशक जीतलाल गुप्ता ने राजकीय कृषि बीज भंडारों, पीसीएफ केंद्रों और फॉर्मर रजिस्ट्री शिविरों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों को खरीफ और मोटे अनाज के नि:शुल्क बीज मिनीकिट वितरित किए और स्पष्ट किया कि भविष्य में बिना फॉर्मर रजिस्ट्री के सरकारी योजनाओं, बीज और खाद का लाभ नहीं मिलेगा।
उप कृषि निदेशक ने सबसे पहले राजकीय कृषि बीज भंडार, पहाड़ी का निरीक्षण किया। वहां मौजूद 10 किसानों को उन्होंने अरहर, बाजरा, ज्वार और तिल के नि:शुल्क बीज मिनीकिट प्रदान किए। इसके बाद उन्होंने साधन सहकारी समिति लोहदा का जायजा लिया। वहां सचिव को निर्देश दिए कि किसानों को निर्धारित दर पर पूरी पारदर्शिता के साथ उर्वरक का वितरण किया जाए। किसी भी स्तर पर कालाबाजारी या घटतौली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उप कृषि निदेशक लोहदा गांव में आयोजित फॉर्मर रजिस्ट्री शिविर में भी पहुंचे, जहां उनके सामने करीब आधा दर्जन किसानों की फॉर्मर रजिस्ट्री की गई। उन्होंने किसानों को जागरूक करते हुए कहा कि सरकारी बीज, उर्वरक और कृषि से जुड़ी अन्य योजनाओं का लाभ उठाने के लिए फॉर्मर रजिस्ट्री कराना अनिवार्य कर दिया गया है। अपील की कि किसान जल्द से जल्द अपनी फॉर्मर रजिस्ट्री करा लें, ताकि समय पर खाद और बीज प्राप्त कर वे अपनी फसलों की बुवाई कर सकें। इस अवसर पर राजकीय बीज भंडार प्रभारी कालीदीन, सहायक विकास अधिकारी (कृषि) शारदा प्रसाद, जिला सलाहकार अजय पाल सहित कई किसान मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

