कोलकाता,09 जुलाई(आरएनएस)। राज्यसभा से पिछले महीने इस्तीफा देने वाले तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के 3 पूर्व नेताओं ने गुरुवार को भाजपा का दामन थाम लिया। कोलकाता के सॉल्ट लेक स्थित भाजपा कार्यालय में सुष्मिता देव, सुखेंदु शेखर रे और प्रकाश चिक बराइक ने पार्टी की सदस्यता ली। उनको भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने पार्टी का पटका पहनाया। भाजपा में शामिल होने वाले सभी पार्टी नेताओं ने पिछले महीने जून में एक-एक दिन के अंतराल पर इस्तीफा दिया था।
पश्चिम बंगाल में राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन शुरू हो गए हैं, जिसकी अंतिम तिथि 14 जुलाई है। संभावना जताई जा रही है कि सुखेंदु, प्रकाश और सुमिष्ता, तीनों को भाजपा राज्यसभा भेज सकती है। भाजपा में शामिल होने से पहले सुखेंदु ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। बंगाल में राज्यसभा की 3 सीटें इन्हीं तीनों सांसदों के इस्तीफा देने से खाली हुई है, जिसके लिए उपचुनाव 24 जुलाई को है।
भाजपा में शामिल होने वाले तीनों नेता टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी के खास माने जाते थे। सुखेंदु 13 साल तक उच्च सदन में टीएमसी के मुख्य सचेतक रहे थे। सुष्मिता असम के सिलचर से कांग्रेस की लोकसभा सांसद थीं। उन्होंने 2019 में अपनी हार के बाद पार्टी छोड़ दी और 2021 में टीएमसी में शामिल हो गईं थीं। बराइक को टीएमसी ने अगस्त 2023 में निर्विरोध राज्यसभा भेजा था। उन्होंने अलीपुरद्वार लोकसभा सीट से 2024 में चुनाव भी लड़ा था।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

