9 जुलाई (आरएनएस )। मौसम विभाग के भारी वर्षा के हाई अलर्ट के बाद प्रशासन सतर्क हो गया है। गुरुवार को एसडीएम डॉ. अमृता शर्मा ने लेवड़ा नदी पर निर्माणाधीन पुलों का स्थलीय निरीक्षण कर जल निकासी, सुरक्षा और बाढ़ बचाव व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि बारिश के दौरान किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसडीएम ने सबसे पहले बेरिया रोड स्थित निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण किया। यहां नदी के भीतर बालू, कंक्रीट और अन्य निर्माण सामग्री जमा मिली, जिससे जल प्रवाह बाधित होने की आशंका है। इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने तत्काल सामग्री हटाकर नदी का बहाव सुचारू करने के निर्देश दिए। कहा कि मूसलाधार बारिश में जलभराव अथवा बाढ़ जैसी स्थिति से बचने के लिए यह कार्य प्राथमिकता से पूरा किया जाए। उन्होंने रिहायशी कॉलोनियों की ओर पानी रिसने की संभावना वाले संवेदनशील तटबंधों को समय रहते मजबूत करने के भी निर्देश दिए। इसके बाद चकरपुर स्थित निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण कर कार्य प्रगति और सुरक्षा उपायों की समीक्षा की। एसडीएम ने निर्माण स्थलों पर सुरक्षा घेरा, चेतावनी बोर्ड और संकेतक लगाने के निर्देश दिए। डॉ. शर्मा ने नदी किनारे की बस्तियों के लोगों से भी सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि बढ़ते जलस्तर के दौरान नदी के पास न जाएं और जलभराव या आपात स्थिति की सूचना तत्काल तहसील प्रशासन को दें।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

