बालोद, 10 जुलाई (आरएनएस)। जिले के देवरी थाना क्षेत्र के ग्राम सम्बलपुर (नाहन्दा) में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। नाबालिग बेटी से बातचीत करने से मना करने पर एक युवक ने अपने पांच साथियों के साथ मिलकर युवती के पिता पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पिता की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

देर रात घर में घुसकर किया हमला
पुलिस के अनुसार, ग्राम सम्बलपुर निवासी गौकरण साहू अपने घर में सो रहे थे। देर रात छह आरोपी उनके घर में घुस आए और बांस के डंडों तथा लकड़ी के राफ्टर से उनके सिर, पीठ और कमर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर पास में सो रही उनकी 13 वर्षीय नाबालिग बेटी जाग गई। बेटी के जागने पर घर के भीतर और बाहर मौजूद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद गंभीर रूप से घायल गौकरण साहू को पहले देवरी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर किया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
नाबालिग बेटी के बयान से खुला हत्या का राज
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की नाबालिग बेटी से पूछताछ की। उसने बताया कि उसकी भानुप्रताप जैन नामक युवक से कुछ समय से बातचीत हो रही थी, जिसका उसके पिता लगातार विरोध करते थे। इसी रंजिश में भानुप्रताप ने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।
6 आरोपी गिरफ्तार
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर ने बताया कि घायल की मौत के बाद मामले में हत्या की धारा जोड़ दी गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं—
भानुप्रताप जैन (18 वर्ष), निवासी खपराभाटा (मुख्य आरोपी)
नीरज रस्तोगी (18 वर्ष), निवासी टंकी मड़ौदा, थाना नेवई, जिला दुर्ग
तुषार निर्मलकर (20 वर्ष), निवासी टंकी मड़ौदा, थाना नेवई, जिला दुर्ग
दिनेश ढीमर (25 वर्ष), निवासी टंकी मड़ौदा, थाना नेवई, जिला दुर्ग
कुंदन यादव (18 वर्ष), निवासी टंकी मड़ौदा, थाना नेवई, जिला दुर्ग
दीपेश पटेल (18 वर्ष), निवासी बहेराभाठा, थाना देवरी, जिला बालोद
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
0

