ऋषिकेश,10 जुलाई(आरएनएस)। आरटीई लागू होने से पहले से नियुक्त शिक्षकों के लिए टीईटी की अनिर्वायता पर उत्तरांचल स्टेट प्राइमरी टीचर्स एसोसिएशन ने नाराजगी जताई है। उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी को ज्ञापन भेज टीईटी की अनिवार्यता खत्म करने और पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग की। शुक्रवार को उत्तरांचल स्टेट प्राइमरी टीचर्स एसोसिएशन विकासखंड डोईवाला के सदस्य डोईवाला तहसील पहुंचे। वहां उन्होंने एसडीएम अर्पणा ढोंडियाल के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेजा। संघ अध्यक्ष नरेंद्र कुमार सागर ने कहा कि आरटीई लागू होने से पहले नियुक्त शिक्षकों ने वर्षों तक शिक्षा व्यवस्था को मजबूती प्रदान की है। ऐसे शिक्षकों को सेवा में बने रहने और पदोन्नति के लिए टीईटी की अनिवार्यता से मुक्त रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस संबंध में राज्य सरकार केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजकर आवश्यक कार्रवाई करे, ताकि हजारों शिक्षकों के हित सुरक्षित रह सकें।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

