विकासनगर,10 जुलाई(आरएनएस)। जौनसार-बावर क्षेत्र के लखवाड़ स्थित चिकित्सालय में डॉक्टर की नियुक्ति की मांग एक बार फिर उठी है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य जगमोहन सिंह चौहान ने प्रदेश के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री को पत्र भेजकर अस्पताल में शीघ्र चिकित्सक की तैनाती करने का अनुरोध किया है।पत्र में कहा गया है कि जनजातीय क्षेत्र के ग्राम लखवाड़ स्थित अस्पताल में पिछले कई वर्षों से चिकित्सक की नियुक्ति नहीं हुई है। यह अस्पताल क्षेत्र के करीब 80 गांवों के लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र है, लेकिन डॉक्टर नहीं होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने यह भी उल्लेख किया है कि गांव की एक महिला ने अस्पताल निर्माण के लिए अपनी बहुमूल्य भूमि सरकार को दान दी थी, लेकिन डॉक्टरों की कमी के कारण अस्पताल का समुचित लाभ क्षेत्रवासियों को नहीं मिल पा रहा है। पत्र में यह भी बताया गया है कि अस्पताल में स्थायी फार्मासिस्ट भी उपलब्ध नहीं है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य ने स्वास्थ्य मंत्री से अस्पताल में चिकित्सक की शीघ्र नियुक्ति कर जनजातीय क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

