विकासनगर,10 जुलाई(आरएनएस)। पछुवादून में यमुना किनारे के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए अलर्ट घोषित किया गया है। बीते तीन दिन से नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। हालांकि अभी जल स्तर खतरे के निशान से नीचे है, बावजूद इसके इन दिनो यमुना के ऊपरी अधिग्रहण क्षेत्र में हो रही लगातार बारिश से जल स्तर मे बढऩे का खतरा बना हुआ है, जिसे देखते हुए प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। लगातार हो रही बारिश से यमुना का जल स्तर 453.37 मीटर पर पहुंच गया है, जो खतरे के निशान से दो मीटर नीचे है, जिससे तटवर्ती क्षेत्रों में बसे लोगों की चिंता भी बढऩे लगी है। लोगों की चिंता बढऩे का कारण ऊपरी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश भी है। यमुना के उद्गम क्षेत्र में होने वाली बारिश पर पछुवादून के प्रशासन और स्थानीय लोगों की लगातार नजर बनी हुई है। प्रशासन लगातार उत्तरकाशी जनपद समेत यमुना के अन्य ऊपरी अधिग्रहण क्षेत्रों के आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम से संपर्क बनाए हुए है। इसके साथ ही स्थानीय प्रशासन ने व्यास नहरी, रूहेड़ा, हरिपुर, बाड़वाला, ढकरानी, भीमावाला की निचली बस्तियों के लोगों का सावधान रहने की सलाह दी गई है। यहां तटवर्ती क्षेत्रों में करीब दस हजार की आबादी निवास करती है, जिनकी सुरक्षा को लेकर प्रशासन लगातार नजर रखे हुए है। उपजिलाधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि यमुना के जल स्तर को लेकर यूजेवीएनएल, सिंचाई विभाग के साथ लगातार संपर्क स्थापित किया जा रहा है। इसके साथ ही यमुना के ऊपरी अधिग्रहण क्षेत्रों के आपदा कंट्रोल रूम से भी लगातार जानकारी ली जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रशासन और आपदा प्रबंधन तंत्र हर परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

