विकासनगर,10 जुलाई(आरएनएस)। कोतवाली सहसपुर पुलिस ने वाहन चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए चोरी की गई बाइक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। कोतवाल सहसपुर प्रदीप सिंह रावत ने बताया कि 7 जुलाई 2026 को जहीर पुत्र शमसुद्दीन, निवासी ग्राम भवानी, पोस्ट भगाणी, थाना पांवटा साहिब हिमाचल प्रदेश ने तहरीर दी थी। बताया कि अज्ञात चोरों ने धर्मावाला अस्पताल के बाहर से उसकी बाइक चोरी कर ली। कोतवाल ने बताया कि तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। गुरुवार देर शाम तिमली-धर्मावाला क्षेत्र से आरोपी मुकेश (26) पुत्र सत्यपाल सिंह, निवासी खालिदपुर थाना गंगोह, जिला सहारनपुर हाल निवासी पाल डेयरी, पांवटा रोड, हरबर्टपुर को चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने दो साथियों काला उर्फ आवेश और तय्यब के साथ मिलकर नशा करने के बाद बाइक चोरी की योजना बनाई थी। आरोपियों ने पांच जुलाई की रात धर्मावाला स्थित स्वामी विवेकानंद अस्पताल के बाहर से बाइक चोरी की थी। पकड़े जाने के डर से बाइक को जंगल में छिपा दिया गया था। बाद में नंबर प्लेट हटाकर उसे सहारनपुर में बेचने ले जाया जा रहा था। बताया कि मामले में नामजद दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार सुद्धोवाला भेज दिया गया है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

