विकासनगर,10 जुलाई(आरएनएस)। तीन दिन से लगातार हो रही बारिश से पछुवादून, जौनसार बावर में जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया। शु्क्रवार को जौनसार बावर में 16 सड़कें बंद होने से किसान अपनी नगदी फसलों को मंडी तक नहीं पहुंचा पाए। पछुवादून के मैदानी क्षेत्रों में जलभराव से लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। विकासनगर में सीवर लाइन के लिए खुदी सड़कों पर कीचड़ फैल गया है। नगर पालिका कार्यालय के सामने सड़क पर हुआ गड्ढा आवाजाही के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है।जौनसार-बावर क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। भारी बारिश के चलते भूस्खलन और मलबे के कारण क्षेत्र के 16 प्रमुख मोटर मार्ग यातायात के लिए पूरी तरह बंद हो गए हैं। सड़कों के बंद होने से ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क मुख्य बाजारों से टूट गया है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोक निर्माण विभाग चकराता, साहिया और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना कालसी के अंतर्गत आने वाले इन मार्गों को खोलने के लिए विभाग द्वारा युद्ध स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

