विकासनगर,10 जुलाई(आरएनएस)। कोतवाली विकासनगर पुलिस ने ढकरानी स्थित सोलर प्लांट से 600 मीटर कॉपर वायर चोरी के मामले का खुलासा कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चोरी किया गया कॉपर वायर भी बरामद कर लिया गया है। बरामद कॉपर वायर की कीमत लगभग 80 हजार रुपये बताई गई है। एसएसआई शिशुपाल सिंह रावत ने बताया कि गुरुवार को सोलर प्लांट के इंजीनियर गौरव कुमार ने सूचना दी कि प्लांट से कॉपर वायर चोरी हो गई है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सोलर प्लांट के सुरक्षा कर्मियों की मदद से आरोपी को चोरी की कॉपर वायर सहित पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जब्बार (27 वर्ष) पुत्र महमूद, निवासी वार्ड नंबर-6, ढकरानी, विकासनगर के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए कॉपर वायर चोरी कर सस्ते दामों में बेच देता था। इंजीनियर गौरव कुमार की तहरीर पर कोतवाली विकासनगर में बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। एसएसआई ने बताया कि आरोपी पहले भी वर्ष 2023 में वाहन चोरी के मामले में जेल जा चुका है और फिलहाल जमानत पर बाहर था।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

