विकासनगर,10 जुलाई(आरएनएस)। कोतवाली सहसपुर क्षेत्र के एक निजी अस्पताल प्रबंधन ने मरीज के परिजनों पर डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ के साथ अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज, हंगामा करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।अस्पताल प्रबंधन की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनके अस्पताल में रहीसा नामक मरीज तीन दिनों से अस्पताल में भर्ती थी और उनके उपचार की जानकारी परिजनों को लगातार दी जा रही थी। आरोप है कि 17 जून 2026 की सुबह करीब छह बजे मरीज के दो परिजन अस्पताल पहुंचे और डॉ. पंखुड़ी तथा डॉ. हर्षित के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए अपशब्द कहे।उन्होंने अस्पताल प्रशासन और वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. रविंद्र बिष्ट के खिलाफ भी अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया तथा नर्सिंग स्टाफ काजल, विनय, प्रिंसी सहित अन्य कर्मचारियों के साथ भी अभद्रता की। तहरीर में बताया कि फ्लोर मैनेजर और सुरक्षा कर्मियों ने दोनों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने अस्पताल परिसर में हंगामा कर माहौल खराब किया और स्टाफ को जान से मारने की धमकी दी। कोतवाल प्रदीप सिंह रावत ने बताया कि तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

