हरिद्वार, 10 जुलाई (आरएनएस)। नमामि गंगे परियोजना के तहत बने श्मशान एवं स्नान घाट पर पिछले 24 घंटे में हालात तेजी से बदले हैं। करीब आठ फीट भू-कटाव होने से स्नान घाट की पैडिय़ों का आधार बह गया है और गंगा की धार अब उनके नीचे से होकर बह रही है। वहीं घाट की दीवार के नीचे से भी सीमेंट और मिट्टी बह जाने से उसका आधार खोखला हो गया है। कटाव अब घाट तक सीमित नहीं रहा। घाट से सटी पंचायत भूमि भी इसकी चपेट में आ गई है। लगातार हो रहे भू-कटाव से घाट के आसपास का हिस्सा तेजी से सिमट रहा है, जिससे स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है। सोनू, रणजीत सिंह, गजेंद्र सिंह, ललित कुमार, दीपक कुमार, संगम और अमित समेत अन्य ग्रामीणों का कहना है कि एक दिन पहले तक गंगा की धार घाट से काफी दूर थी, लेकिन अब पंचायत भूमि तक कटाव पहुंच गया है। उनका कहना है कि यदि इसी तरह कटाव बढ़ता रहा और घाट से सटी बची हुई भूमि भी बह गई, तो गंगा की धार सीधे घाट से टकराने लगेगी। पैडिय़ों का आधार बहने और दीवार के नीचे से मिट्टी व सीमेंट निकल जाने से लोगों में अनहोनी की आशंका और चिंता बढ़ गई है। उन्होंने समय रहते प्रभावी बचाव कार्य कराने की मांग की है। उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा का कहना है कि श्यामपुर घाट का मामला उनके संज्ञान में है। इस संबंध में सिंचाई विभाग को सूचित कर उचित कार्रवाई के लिए कहा गया है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

