हरिद्वार,10 जुलाई (आरएनएस)। खडख़ड़ी क्षेत्र में मारपीट और विवाद के मामले में नगर कोतवाली पुलिस ने दूसरे पक्ष की शिकायत पर भी मुकदमा दर्ज कर लिया है। कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष ने आरोप लगाया गया है कि रास्ते में रोककर उनके साथ लाठी-डंडों से मारपीट की गई और करीब पांच तोले की सोने की चेन तोड़ दी गई। मालूम हो कि इसी मामले में पुलिस ने गुरुवार को कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष अजय गिरी के खिलाफ पहले ही मुकदमा दर्ज किया था। अब दोनों पक्षों की शिकायतों पर पुलिस ने अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक भूपतवाला निवासी अजय गिरी पुत्र गंगा गिरी ने बताया कि वह अपने साथी योगेश त्यागी और सन्नी कौशल के साथ श्मशान घाट गली स्थित अपनी दुकान से घर जा रहे थे।आरोप है कि श्मशान घाट गली निवासी मनोज गिरी, उनके पुत्र हर्ष गिरी तथा उनकी पत्नी ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर भारत गिरी और प्रभम गिरी भी मौके पर पहुंच गए और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोप लगाया गया है कि मारपीट के दौरान उनकी करीब पांच तोले की सोने की चेन भी तोड़ दी गई। अजय गिरी का यह भी कहना है कि पूर्व में भी उनके पिता की सोने की चेन तोड़ी गई थी, लेकिन पारिवारिक संबंध होने के कारण उस समय समझौता कर लिया गया था। इंस्पेक्टर कुंदन सिंह राणा ने बताया कि मनोज गिरी, हर्ष गिरी, भारत गिरी, प्रभम गिरी तथा हर्ष गिरी की पत्नी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

