मुंबई। बॉक्स ऑफिस पर अक्षय कुमार की कॉमेडी फिल्म वेलकम टू द जंगल लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने रिलीज के दूसरे सप्ताह में भी मजबूत पकड़ बनाए रखते हुए अपनी लागत की भरपाई कर ली है। वहीं, कॉकटेल 2 और मां इंति बंगारम की कमाई अब लाखों के स्तर पर सिमट गई है।
अहमद खान के निर्देशन में बनी वेलकम टू द जंगल ने गुरुवार को सिनेमाघरों में अपने 14 दिन पूरे कर लिए। सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के अनुसार फिल्म ने दूसरे गुरुवार को 2.15 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इसके साथ ही भारत में फिल्म की कुल नेट कमाई 125.05 करोड़ रुपये पहुंच गई है। फिल्म को दर्शकों का लगातार अच्छा समर्थन मिल रहा है और दूसरे सप्ताह में भी इसकी पकड़ मजबूत बनी हुई है।
वहीं, होमी अदजानिया निर्देशित रोमांटिक ड्रामा कॉकटेल 2 ने रिलीज के तीन सप्ताह पूरे कर लिए हैं। शाहिद कपूर, रश्मिका मंदाना और कृति सेनन अभिनीत इस फिल्म ने शुरुआती दो सप्ताह में अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन तीसरे सप्ताह में इसकी कमाई में स्पष्ट गिरावट दर्ज की गई। फिल्म ने तीसरे गुरुवार को 45 लाख रुपये का कारोबार किया, जो बुधवार के बराबर रहा। इसके साथ ही 21 दिनों में फिल्म का कुल भारतीय नेट कलेक्शन 94.35 करोड़ रुपये हो गया है।
दूसरी ओर, सामंथा रुथ प्रभु की फिल्म मां इंति बंगारम भी रिलीज के तीन सप्ताह पूरे कर चुकी है। शुरुआती दिनों में बेहतर प्रदर्शन करने वाली इस फिल्म की कमाई तीसरे सप्ताह में काफी धीमी पड़ गई है। सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म ने तीसरे गुरुवार को 33 लाख रुपये का कलेक्शन किया। इसके साथ ही 21 दिनों में फिल्म का कुल भारतीय नेट कलेक्शन 59.62 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
बॉक्स ऑफिस के मौजूदा रुझानों को देखते हुए वेलकम टू द जंगल सबसे मजबूत स्थिति में बनी हुई है, जबकि कॉकटेल 2 और मां इंति बंगारम के लिए आगे बड़ी कमाई करना चुनौतीपूर्ण नजर आ रहा है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

