रायपुर, 11 जुलाई (आरएनएस)। राजधानी में बारिश के दौरान जलभराव की समस्या दूर करने के लिए रायपुर नगर निगम के जोन-3 ने शनिवार को लोधीपारा पंडरी स्थित वीरांगना अवन्ति बाई लोधी चौक के पास बड़ी कार्रवाई करते हुए नाली पर बनाए गए बड़े आकार के 5 अवैध पाटों को तोड़ दिया। साथ ही नाली के ऊपर व्यवसाय कर रहे 5 से 6 फल ठेलों को हटाकर लंबे समय से अवरुद्ध बड़ी नाली को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
महापौर श्रीमती मीनल चौबे और निगम आयुक्त श्री संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन-3 की टीम ने जोन कमिश्नर श्रीमती प्रीति सिंह के मार्गदर्शन में नगर निवेश एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में अभियान चलाया। अतिक्रमण हटाने के बाद छोटी पोकलेन मशीन से नाली की सफाई कराई गई, जिसमें करीब एक डम्पर कचरा निकाला गया।
नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, नाली से अतिक्रमण हटने और सफाई होने के बाद वीरांगना अवन्ति बाई लोधी चौक तथा आसपास के क्षेत्रों में बारिश के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
अभियान के दौरान निगम की टीम ने मोवा ओवरब्रिज के नीचे स्थित होंडा शोरूम और एक अस्पताल प्रबंधन को भी नाली पर बनाए गए पाटों को स्वयं हटाने के निर्देश दिए। साथ ही नाली क्रॉसिंग क्षेत्र में किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटाने और जल निकासी के लिए बड़े आकार की उचित नाली क्रॉसिंग बनाने के सख्त निर्देश दिए गए।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि यदि संबंधित संस्थानों द्वारा निर्धारित समय में पाट और अतिक्रमण नहीं हटाए गए, तो निगम अभियान चलाकर उन्हें तोड़ेगा। निगम प्रशासन का कहना है कि मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से नागरिकों को राहत दिलाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

