0 उड़ीसा से सप्लायर भी दबोचा
महासमुंद, 11 जुलाई (आरएनएस)। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महासमुंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5.160 किलोग्राम गांजा के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस मामले में तकनीकी विश्लेषण और समन्वित कार्रवाई के जरिए उड़ीसा से गांजा सप्लायर को भी गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। जब्त गांजा की कीमत 2.58 लाख रुपये आंकी गई है, जबकि जब्त कुल संपत्ति का मूल्य 3.71 लाख रुपये है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान सूचना मिली कि मोटरसाइकिल क्रमांक CG 11 BP 1670 और स्कूटी क्रमांक DL 11 SV 2022 से उड़ीसा की ओर से गांजा लेकर छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। सूचना पर सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के एनएच-53 स्थित रेहटीखोल में नाकेबंदी की गई।
नाकेबंदी के दौरान पुलिस ने दोनों वाहनों को रोककर पूछताछ की। आरोपियों के जवाब संदिग्ध लगने पर तलाशी ली गई, जिसमें स्कूटी की सीट के नीचे छिपाकर रखा गया 5.160 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा उड़ीसा के बरगढ़ जिले के गर्भना क्षेत्र से खरीदकर जांजगीर-चांपा में पुडिय़ा बनाकर बेचने के लिए ले जाया जा रहा था।
आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने गांजा सप्लायर चैतन्य पांडा को भी जिला बरगढ़ (उड़ीसा) से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
- हरीश राठौर (23 वर्ष), निवासी जांजगीर-चांपा।
- मुरारी सूर्यवंशी (45 वर्ष), निवासी जांजगीर-चांपा।
- प्रदीप सूर्यवंशी (20 वर्ष), निवासी जांजगीर-चांपा।
- चैतन्य पांडा (60 वर्ष), निवासी सेकंड करवाना, थाना सुहेला, जिला बरगढ़ (उड़ीसा) – गांजा सप्लायर।
जब्त सामग्री
- 5.160 किलोग्राम गांजा (कीमत ₹2.58 लाख)
- एक मोटरसाइकिल (कीमत ₹60 हजार)
- एक स्कूटी (कीमत ₹30 हजार)
- 4 मोबाइल फोन (कीमत ₹23 हजार)
कुल जब्त संपत्ति का मूल्य: ₹3.71 लाख।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(क्च)(द्बद्ब)(क्च) के तहत थाना सिंघोड़ा में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। महासमुंद पुलिस ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए सोर्स प्वाइंट से लेकर डेस्टिनेशन प्वाइंट तक लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।
0

