हरिद्वार,11 जुलाई(आरएनएस)। रावली महदूद प्राथमिक विद्यालय नंबर-2 से रामधाम कॉलोनी, कृपालनगर होते हुए शिवालिक नगर को जोडऩे वाला मुख्य मार्ग पिछले करीब 15 वर्षों से बदहाल पड़ा है। सड़क की जर्जर हालत और बरसात के दौरान जलभराव से लोगों की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं। शुक्रवार को ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर प्रदर्शन किया और जनप्रतिनिधियों पर क्षेत्र की अनदेखी का आरोप लगाते हुए जल्द निर्माण कार्य शुरू नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। ग्रामीणों ने बताया कि यह मार्ग क्षेत्र की सबसे महत्वपूर्ण सड़कों में शामिल है। इसी रास्ते से छह स्कूलों के हजारों छात्र-छात्राएं प्रतिदिन आवागमन करते हैं। इसके अलावा रामधाम कॉलोनी, कृपालनगर, रावली महदूद और आसपास के कई इलाकों के लोग भी इसी सड़क पर निर्भर हैं। वर्षों से मरम्मत नहीं होने के कारण सड़क जगह-जगह टूट चुकी है। बरसात में गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क की स्थिति और खतरनाक हो जाती है। पैदल चलना मुश्किल हो जाता है, जबकि दोपहिया वाहन चालकों को हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से शिकायत की जा चुकी है। जिलाधिकारी को भी ज्ञापन सौंपा गया, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। बरसात में जलभराव और कीचड़ के कारण लोगों का निकलना दूभर हो जाता है। साथ ही गंदा पानी जमा रहने से संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका भी बनी रहती है। कांग्रेस नेता मनोज धनगर ने कहा कि चुनाव के दौरान जनप्रतिनिधि विकास के बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन चुनाव समाप्त होते ही क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को भुला दिया जाता है। उन्होंने कहा कि गांव और शहर को जोडऩे वाले इस महत्वपूर्ण मार्ग की वर्षों से उपेक्षा की जा रही है। यदि शीघ्र सड़क निर्माण शुरू नहीं कराया गया तो क्षेत्रवासी आंदोलन करने को मजबूर होंगे। प्रदर्शन में प्रवेश कटारिया, बाबूराम, लाल सिंह पटवारी, सोमपाल, अंकित कुमार, जितेंद्र कुमार, अरुण कुमार, सुशील कुमार, प्रवीण कुमार, पुष्पेंद्र कुमार, टिंकू सिंह, शुभम कुमार, कामेश कुमार, राजेश सैनी, हरेंद्र कुमार, राहुल सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

