कोंडागांव, 12 जुलाईं (आरएनएस)। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर रविवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार मां और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के बनियागांव स्थित नीलगिरि प्लांट के पास सुबह करीब 8 बजे जगदलपुर से रायपुर जा रही कांकेर रोडवेज की बस और कोंडागांव से गीदम जा रही कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके चालक शंभू साहू की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में कार में सवार राजेश्वरी सोनी और बॉबी सोनी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि कार कोंडागांव के व्यापारी ओम प्रकाश टावरी की थी। बॉबी सोनी अपनी बीमार बहन से मिलने गीदम जा रहे थे। उनके साथ उनकी मां राजेश्वरी सोनी और चालक शंभू साहू भी कार में सवार थे। हादसे के बाद चालक का शव कार के अंदर बुरी तरह फंस गया था। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त कार को काटकर शव बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
बंछोर
000
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

