रायपुर, 12 जुलाईं (आरएनएस)। महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की पिंक पेट्रोल यूनिट लगातार शहरभर में सक्रिय गश्त कर रही है। यूनिट की टीमें प्रतिदिन स्कूल, कॉलेज, पीजी, छात्रावास, बाजार, उद्यान, कॉलोनियों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी रख रही हैं, ताकि महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित एवं अपराधमुक्त वातावरण मिल सके। गश्त के दौरान छात्राओं को असहज करने वाले युवकों, सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, मोबाइल फोन पर बात करते हुए वाहन चलाने और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली अन्य गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई कर संबंधित लोगों को समझाइश दी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पिंक पेट्रोल यूनिट का उद्देश्य छोटी-छोटी अवांछनीय गतिविधियों को शुरुआती स्तर पर ही रोकना है, ताकि वे आगे चलकर गंभीर अपराध का रूप न लें। यदि गश्त के दौरान कोई व्यक्ति संज्ञेय अपराध करते हुए पाया जाता है तो उसे तत्काल संबंधित थाने भेजकर कानूनी कार्रवाई की जाती है। रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं महिलाओं, बच्चों या वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा से जुड़ी कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पिंक पेट्रोल यूनिट के हेल्पलाइन नंबर 9479210932 या नजदीकी पुलिस थाने को सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि नागरिकों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कमिश्नरेट पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
बंछोर
000
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

