कांकेर, 12 जुलाई (आरएनएस)। उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। थाना कोयलीबेड़ा क्षेत्र के कांकेर-नारायणपुर बॉर्डर स्थित ग्राम आलपरस-गुमचुर के मध्य जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के छिपाए गए डम्प का पता लगाते हुए दो .303 रायफल, 32 राउंड कारतूस, लैपटॉप, टैबलेट, वायरलेस उपकरण, नक्सली वर्दी और अन्य सामग्री बरामद की है। यह कार्रवाई 11 जुलाई 2026 को डीआरजी, बीएसएफ और बीडीएस की संयुक्त टीम द्वारा सघन सर्चिंग अभियान के दौरान की गई।
पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज बद्री नारायण मीणा के निर्देशन तथा डीआईजी बीएसएफ भानुप्रतापपुर दीपक तिवारी, पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राखेचा और 40वीं वाहिनी बीएसएफ कोयलीबेड़ा के द्वितीय कमान अधिकारी नरेंद्र शर्मा के मार्गदर्शन में जिले के संवेदनशील और नक्सल प्रभावित सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार संयुक्त अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए डम्प को बरामद किया। बरामद सामग्री में दो .303 रायफल, 32 राउंड .303 कारतूस, एक लैपटॉप, एक टैबलेट, तीन वायरलेस बैटरी, एक रेडियो सेट, दो नक्सली वर्दी, पांच पाउच, दो चार्जर, एक बैटरी, नक्सली साहित्य तथा अन्य उपयोगी सामग्री शामिल है। पुलिस के अनुसार यह बरामदगी नक्सलियों की गतिविधियों पर प्रभावी प्रहार है और इससे उनकी संगठनात्मक एवं लॉजिस्टिक क्षमता को नुकसान पहुंचा है। इस संयुक्त अभियान का नेतृत्व बीएसएफ 40वीं वाहिनी के एसी अंकुश कुमार, थाना प्रभारी कोयलीबेड़ा निरीक्षक निर्मल जांगड़े, बीएसएफ इंस्पेक्टर अनुज कुमार, उप निरीक्षक नवीन प्रकाश, उप निरीक्षक सौरभ यादव तथा डीआरजी टीम कमांडर सहायक उप निरीक्षक नरेंद्र नेताम ने किया। कांकेर पुलिस ने बताया कि नक्सल प्रभावित सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा बलों द्वारा लगातार संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है। क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और नक्सल गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से आने वाले दिनों में भी सघन सर्चिंग अभियान निरंतर जारी रहेगा।
बंछोर
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

