दंतेवाड़ा, 12 जुलाई (आरएनएस)। जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत दंतेवाड़ा पुलिस और सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। आत्मसमर्पित माओवादियों की निशानदेही पर थाना बारसूर क्षेत्र के ग्राम तोड़मा के जंगल-पहाड़ में छिपाकर रखे गए नक्सलियों के कई डंप बरामद किए गए हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 116 ग्राम सोना, ?2 लाख नकद, आधुनिक हथियार, भारी मात्रा में गोला-बारूद, विस्फोटक और अन्य नक्सली सामग्री जब्त की है। बरामद नकदी और सोने सहित कुल सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 18 लाख रुपये बताई गई है।
यह कार्रवाई बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक बद्री नारायण मीणा के मार्गदर्शन तथा सीआरपीएफ के पुलिस उप महानिरीक्षक (ऑपरेशन) राकेश चौधरी और दंतेवाड़ा पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के तहत की गई। अभियान की निगरानी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राम कुमार बर्मन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑप्स) जितेंद्र कुमार खूंटे ने की।
पुलिस के अनुसार हाल ही में आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटे माओवादियों ने सुरक्षा बलों को नक्सलियों के गुप्त डंप की सटीक जानकारी दी थी। इसके आधार पर संयुक्त टीमों ने तोड़मा के घने जंगलों में सर्च अभियान चलाया, जहां जमीन के नीचे अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखे गए हथियार, विस्फोटक और अन्य सामग्री बरामद की गई। पुलिस का कहना है कि इन सामग्रियों का इस्तेमाल सुरक्षा बलों पर हमले और नक्सली गतिविधियों के संचालन के लिए किया जाना था।
बरामद सामग्री में शामिल
116 ग्राम सोने का बिस्कुट (अनुमानित कीमत ?16 लाख)
?2 लाख नकद
1 इंसास राइफल एवं 16 इंसास मैगजीन
4 एके-47 मैगजीन और 68 राउंड
23 एसएलआर मैगजीन एवं 34 राउंड
5 बारह बोर बंदूकें और 7 कारतूस
3 बीजीएल लॉन्चर एवं 1 बीजीएल सेल
2 कार्बाइन मैगजीन
303 के 8 राउंड एवं 45 चार्जर
10 भरमार बंदूकें (टूटी-फूटी), 1 रिवॉल्वर और 1 एयरगन
6 टिफिन बम, 4 पाइप बम, 122 तीर बम, 1 पैरा बम, 2 देशी हैंड ग्रेनेड और 2 देशी मोर्टार
जिलेटिन, 20 डेटोनेटर, कोडेक्स वायर का बंडल और 14 कुकर
नक्सली वर्दी का कपड़ा, दवाइयां, पर्चे-पाम्पलेट एवं अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री।
बड़ी साजिश हुई नाकाम
पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से नक्सलियों की एक बड़ी साजिश समय रहते विफल हो गई। बरामद विस्फोटक और हथियारों का इस्तेमाल सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के लिए किया जा सकता था।
मुख्यधारा में लौटने की अपील
दंतेवाड़ा पुलिस ने कहा कि आत्मसमर्पित माओवादियों द्वारा दी गई सूचना से यह स्पष्ट है कि वे हिंसा का रास्ता छोड़कर विकास और शांति की राह पर लौट चुके हैं। पुलिस ने अन्य भटके हुए माओवादियों से भी आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा से जुडऩे तथा ग्रामीणों से क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।
०००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

