रायगढ़ पुलिस ने महिला प्रताड़ना और कथित भारत विरोधी नारे सिखाने के मामले में जेल में बंद आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर पूछताछ के लिए बाहर निकाला। जांच के दौरान हुई कार्रवाई और पुलिस का सख्त संदेश इस मामले को और गंभीर बना रहा है।
रायगढ़ 12 जुलाई (आरएनएस) रायगढ़ पुलिस ने महिला प्रताड़ना और राष्ट्रीय एकता के प्रतिकूल कथित अभिकथन से जुड़े चर्चित मामले की विवेचना तेज कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में महिला थाना रायगढ़ में दर्ज अपराध क्रमांक 52/2026 की जांच डीएसपी उन्नति ठाकुर के सुपरविजन में थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस को सौंपी गई है। पुलिस के अनुसार मामले में आरोपी वसीम मोहम्मद (43), निवासी जोगीडीपा, रायगढ़ के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 85, 351, 152, 197 तथा छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम, 1968 की धारा 4 के तहत अपराध दर्ज है।
पुलिस के मुताबिक 29 मई 2026 को एक महिला ने शिकायत दर्ज कर आरोप लगाया था कि आरोपी ने उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। शिकायत में यह भी आरोप है कि उसके नाबालिग पुत्र को “पाकिस्तान जिंदाबाद” और “हिंदुस्तान मुर्दाबाद” जैसे भारत विरोधी नारे सिखाए गए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। शिकायत के आधार पर महिला थाना रायगढ़ ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
जांच के दौरान पता चला कि आरोपी वसीम मोहम्मद पहले से ही 25 मई 2026 को करीब छह किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किए गए एनडीपीएस एक्ट के एक प्रकरण में जिला जेल रायगढ़ में न्यायिक अभिरक्षा में निरुद्ध है। महिला थाना के इस मामले में पूछताछ के लिए पुलिस ने न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त किया। इसके बाद आरोपी को एक दिन की पुलिस अभिरक्षा में लेकर घटनास्थल पर पूछताछ, स्थल निरीक्षण और अन्य वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार इस दौरान आरोपी ने “हिंदुस्तान जिंदाबाद, पाकिस्तान मुर्दाबाद” के नारे लगाए। पुलिस रिमांड अवधि पूरी होने के बाद आरोपी को पुनः न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि राष्ट्र विरोधी मानसिकता फैलाने, महिलाओं के विरुद्ध अपराध और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की किसी भी कोशिश पर रायगढ़ पुलिस साक्ष्य आधारित कठोर वैधानिक कार्रवाई करेगी। फिलहाल, पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन विवेचना कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। मामले के सभी पहलुओं की जांच पूरी होने के बाद ही अंतिम निष्कर्ष सामने आएगा।

