मोहला, 12 जुलाईं (आरएनएस)। वर्ष 2009 के चर्चित कोरकोट्टी नक्सल हमले में शहीद हुए तत्कालीन राजनांदगांव पुलिस अधीक्षक विनोद चौबे, उप निरीक्षक धनेश साहू सहित 29 वीर जवानों को उनकी 17वीं पुण्यतिथि पर रविवार को मोहला रक्षित केंद्र स्थित अमर जवान स्मारक पर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने पुष्प अर्पित कर शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

12 जुलाई 2009 को अविभाजित राजनांदगांव जिले के मानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोरकोट्टी में नक्सल उन्मूलन अभियान के दौरान घात लगाकर किए गए हमले में तत्कालीन पुलिस अधीक्षक विनोद चौबे सहित 29 जवान शहीद हो गए थे। इस घटना को छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े नक्सली हमलों में से एक माना जाता है। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि वीर जवानों के अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान का ही परिणाम है कि आज मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिला पूर्ण रूप से नक्सल मुक्त होकर शांति और विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाई.पी. सिंह, कलेक्टर तूलिका प्रजापति, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह पटेल, आईटीबीपी के अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार अतुल कुमार श्रीवास्तव द्वारा कोरकोट्टी नक्सल अभियान के शहीदों को समर्पित पुस्तक कोरकोट्टी का विमोचन भी किया गया। वहीं, शहीदों की स्मृति में रक्षित केंद्र मोहला में रक्तदान शिविर का आयोजन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
बंछोर
000

