कोरबा 12 जुलाई (आरएनएस)। कभी शांत और सुरक्षित शहर के रूप में पहचाने जाने वाले कोरबा में हाल के दिनों में हत्या, लूट और अन्य गंभीर आपराधिक घटनाओं में लगातार हो रहे इजाफे ने आम लोगों के साथ-साथ सरकार की भी चिंता बढ़ा दी है। लगातार सामने आ रही जघन्य हत्याएं, वाहन से कुचलकर हत्या और दिनदहाड़े लूट जैसी घटनाओं के बीच शुक्रवार को प्रदेश के उद्योग एवं आबकारी मंत्री तथा कोरबा विधायक लखन लाल देवांगन ने पहली बार खुलकर प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने कहा कि कोरबा में बढ़ते अपराध का मुद्दा राज्य मंत्रिमंडल (कैबिनेट) की बैठक में भी उठा है और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तक पूरी जानकारी पहुंच चुकी है। सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है और जल्द ही उचित निर्णय लिया जाएगा। एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से चर्चा करते हुए मंत्री देवांगन ने कहा कि कोरबा में हाल के दिनों में जिस तरह की घटनाएं हुई हैं, उस पर कैबिनेट में विस्तार से चर्चा हुई है। मुख्यमंत्री से भी इस विषय पर बात हुई है और संगठन के वरिष्ठ नेताओं के साथ भी विचार-विमर्श किया गया है। उन्होंने कहा कि सभी इस बात को लेकर गंभीर और चिंतित हैं कि जिले में आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा, “सरकार की मंशा स्पष्ट है कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इसके लिए प्रभावी और ठोस कदम उठाए जाएंगे, ताकि आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास कायम रहे।”
पुलिसिंग पर उठ रहे सवालों के संबंध में मंत्री ने कहा कि पुलिस व्यवस्था को पूरी तरह कमजोर नहीं कहा जा सकता, लेकिन जो घटनाएं सामने आई हैं, वे निश्चित रूप से गंभीर हैं। उन्होंने कहा कि पूरा मामला मुख्यमंत्री के संज्ञान में है और जल्द ही आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

