० डायल-112 की तत्परता से जिला अस्पताल पहुंचाया गया
बलौदाबाजार, 12 जुलाई (आरएनएस)। थाना लवन क्षेत्र के ग्राम लाहोद में रविवार सुबह दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 (बाज-01) की टीम मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस के साथ समन्वय कर घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय बलौदाबाजार पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार, घटना 12 जुलाई 2026 को सुबह करीब 8:34 बजे की है। कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही डायल-112 में तैनात आरक्षक प्रीतम सिंह आनंद और वाहन चालक प्रशांत भारद्वाज तत्काल ग्राम लाहोद पहुंचे। घटनास्थल पर दो मोटरसाइकिलें क्षतिग्रस्त हालत में मिलीं और तीन युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर पड़े थे। पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को संभाला और उनकी पहचान रामलाल साहू, राजाराम साहू और गोपी साहू, निवासी ग्राम निवारी मल्हार, के रूप में की।
घायलों के सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई थीं तथा अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा था। डायल-112 टीम ने बिना समय गंवाए 108 एम्बुलेंस को मौके पर बुलाया और दोनों टीमों के बेहतर समन्वय से प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों को सुरक्षित जिला अस्पताल बलौदाबाजार भेजा गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने बताया कि सुबह के व्यस्त समय में हुए इस हादसे में डायल-112 टीम ने ‘गोल्डन आवरÓ के दौरान त्वरित कार्रवाई कर घायलों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई। पुलिस की इस संवेदनशीलता और तत्परता की स्थानीय लोगों एवं पीडि़त परिवारों ने सराहना की है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वर्षा ऋतु में सड़कें गीली और फिसलन भरी रहती हैं, इसलिए वाहन चलाते समय गति नियंत्रित रखें, मोड़ एवं चौराहों पर विशेष सावधानी बरतें तथा हेलमेट पहनकर ही यात्रा करें।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

