जशपुर, 12 जुलाई (आरएनएस)। वन महोत्सव के तहत जशपुर वनमंडल में चलाए जा रहे ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। वन परिक्षेत्र पत्थलगांव, बगीचा और कांसाबेल में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, स्कूली विद्यार्थियों, शिक्षकों, वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों, वन सुरक्षा समितियों, स्व-सहायता समूहों तथा स्थानीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर पौधारोपण किया।

वन परिक्षेत्र पत्थलगांव के शासकीय प्रताप उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, वन परिक्षेत्र बगीचा के बालक आश्रम बिमड़ा परिसर तथा वन परिक्षेत्र कांसाबेल के आंगनबाड़ी केंद्र लमडांड एवं प्राथमिक विद्यालय केन्दुटोला में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान छायादार, फलदार और स्थानीय जलवायु के अनुकूल विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाज में वृक्षों के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना और प्रत्येक नागरिक को अपनी माँ के सम्मान में एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प दिलाना है।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों और वन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि वृक्ष पृथ्वी के जीवन चक्र का आधार हैं। बढ़ते पर्यावरणीय संकट, जलवायु परिवर्तन और जैव विविधता संरक्षण की चुनौतियों के बीच अधिक से अधिक वृक्षारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान केवल पौधे लगाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी, मातृत्व के सम्मान और आने वाली पीढिय़ों के सुरक्षित भविष्य का जनआंदोलन है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को वृक्षों के पर्यावरणीय, सामाजिक और वैज्ञानिक महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें पौधों की नियमित देखभाल, जल संरक्षण और हरित वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों ने लगाए गए पौधों की सुरक्षा और उनके संरक्षण का संकल्प भी लिया।
वन विभाग ने बताया कि वन महोत्सव के दौरान जशपुर वनमंडल के विभिन्न वन परिक्षेत्रों में अभियान के अंतर्गत लगातार वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में विद्यालयों, ग्राम पंचायतों, वन सुरक्षा समितियों, महिला स्व-सहायता समूहों, युवा मंडलों और स्थानीय नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है, ताकि पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी का व्यापक अभियान बनाया जा सके।
0

