नई दिल्ली ,12 जुलाई (आरएनएस)। इंडियन एमेच्योर बॉक्सिंग फेडरेशन (आईएबीएफ ) द्वारा आयोजित भारत की पहली प्रो बॉक्सिंग लीग (पीबीएल ) 2026 का भव्य ग्रैंड फिनाले शुक्रवार को तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक आयोजन ने भारतीय मुक्केबाजी में एक नए मील का पत्थर स्थापित किया। 6 से 10 जुलाई तक चली इस पांच दिवसीय चैंपियनशिप में देशभर के शीर्ष मुक्केबाजों ने हिस्सा लिया और हजारों उत्साही दर्शकों ने मुकाबलों का आनंद लिया।
समापन समारोह का शुभारंभ भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद अरुण सिंह द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। उन्होंने इस लीग को “एक ऐतिहासिक पहल” बताया और कहा कि इससे भारतीय मुक्केबाजों को अधिक पहचान मिलेगी और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता का मार्ग प्रशस्त होगा।
समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक रहे। उन्होंने विजेताओं को मेडल, ट्रॉफी और विशेष पुरस्कार प्रदान किए। भारतीय मुक्केबाजी में पहली बार पुरुष वर्ग के स्वर्ण पदक विजेताओं को होंडा मोटरसाइकिल और महिला वर्ग की स्वर्ण पदक विजेताओं को होंडा स्कूटी भेंट की गई।
इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग, पूर्व केंद्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन, सांसद सुनीता दुग्गल और भाऊसाहेब वाकचौरे, असम सरकार के कैबिनेट मंत्री अशोक सिंघल सहित अर्जुन अवार्डी, पूर्व चैंपियन और वरिष्ठ खेल अधिकारी उपस्थित रहे। समारोह में सभी अतिथियों और तकनीकी अधिकारियों को सम्मानित किया गया। प्रसिद्ध संगीत निर्देशक सोमेश माथुर द्वारा रचित लीग का आधिकारिक गीत “मुक्का मार” पूरे टूर्नामेंट की पहचान बन गया और इसने खिलाड़ियों व दर्शकों में जबरदस्त ऊर्जा भर दी।
पांच दिनों तक चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्गों में विश्व स्तरीय तकनीक, साहस और खेल भावना का परिचय दिया। स्टेडियम का खचाखच भरा होना इस बात का प्रमाण था कि भारत में मुक्केबाजी की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है।
इस अवसर पर आईएबीएफ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राकेश मिश्र ने कहा कि “प्रो बॉक्सिंग लीग सिर्फ एक टूर्नामेंट नहीं है, यह भारतीय मुक्केबाजी के लिए एक नए युग की शुरुआत है। हमारा लक्ष्य एक मजबूत प्रोफेशनल ढांचा बनाना है जो प्रतिभाओं को निखारे और हमारे एथलीटों को वैश्विक सफलता के लिए तैयार करे। आईएबीएफ के महासचिव राकेश ठाकरान ने कहा कि इस लीग ने भारत में प्रोफेशनल मुक्केबाजी के लिए एक नया मानदंड स्थापित किया है। पीबीएल के सफल आयोजन पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य और पूर्व खेल मंत्री अनुराग ठाकुर सहित कई नेताओं ने बधाई संदेश भेजे। एथलीटों के कल्याण और उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धा पर ध्यान केंद्रित करते हुए आईएबीएफ ने भारत में एक सुव्यवस्थित प्रोफेशनल मुक्केबाजी तंत्र की नींव रख दी है। राष्ट्रगान और जश्न के साथ इस यादगार पहले संस्करण का समापन हुआ।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

