बैकुंठपुर,12 जुलाई (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में 17 वर्षीय आदिवासी छात्रा को कथित रूप से प्रताडि़त कर आत्महत्या के लिए मजबूर करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी विनोद वैद को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।पुलिस के अनुसार, बैकुंठपुर पुलिस लाइन निवासी प्रधान आरक्षक शिवनाथ सिंह पैकरा की पुत्री रितु सिंह (पूजा पैकरा) ने बीते बुधवार को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। जांच में सामने आया कि छात्रा एक निजी प्रतिष्ठान आईसी मार्ट (IC Mart) गई थी, जहां उस पर कॉस्मेटिक सामान चोरी करने का आरोप लगाया गया।आरोप है कि प्रतिष्ठान के प्रबंधन ने छात्रा को डराकर एक कागज पर चोरी स्वीकार करने जैसा बयान लिखवाया। इसके बाद कथित तौर पर छात्रा और उसके परिवार से पहले 15 हजार, फिर 20 हजार और बाद में 50 हजार रुपये की मांग की गई। आरोप है कि रकम नहीं देने पर छात्रा की स्कूटी भी अपने कब्जे में ले ली गई।परिजनों के अनुसार, सार्वजनिक रूप से कथित अपमान और मानसिक प्रताडऩा से आहत होकर छात्रा तनाव में आ गई और बाद में उसने आत्महत्या कर ली।मामले में पुलिस अधीक्षक ने फरार आरोपियों जगत वैद, विनोद वैद और दीपक वैद पर 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने राजस्थान में
कार्रवाई कर विनोद वैद को गिरफ्तार कर लिया। शेष दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।इस संवेदनशील मामले का राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (NCST) ने भी संज्ञान लिया है। आयोग ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस से घटना की विस्तृत रिपोर्ट और की गई कार्रवाई की जानकारी मांगी है।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
०००


