गरियाबंद,12 जुलाई(आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में एक यात्री बस को बीच सड़क पर रोककर वन विभाग के एक अधिकारी द्वारा कथित रूप से अभद्र व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामला इंदागांव थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 11 बजे शारदा ट्रेवल्स की बस रायपुर से यात्रियों को लेकर देवभोग जा रही थी। इसी दौरान गरियाबंद-देवभोग राष्ट्रीय राजमार्ग-130सी पर अभ्यारण्य क्षेत्र के कालिमाटी के पास उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के इंदागांव परिक्षेत्र के रेंजर सुशील सागर ने कथित रूप से बस चालक पर वाहन को साइड नहीं देने का आरोप लगाते हुए अपनी गाड़ी बस के सामने खड़ी कर दी।आरोप है कि इसके बाद वन अधिकारी और उनके साथ मौजूद कर्मचारी बस चालक से गाली-गलौज और बहस करने लगे। विवाद के चलते बस करीब आधे घंटे तक सड़क पर खड़ी रही, जिससे यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।बस चालक यशवंत बंजारे का कहना है कि अभ्यारण्य क्षेत्र में हाईवे सिंगल लेन का है और लगातार बारिश के कारण सड़क क्षतिग्रस्त है। ऐसे में सुरक्षित स्थान मिलने पर ही दूसरे वाहनों को साइड दी जा सकती थी। उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने जोखिम नहीं उठाया।चालक ने घटना की सूचना डायल-112 पर दी और बाद में इंदागांव थाने में वन अधिकारी के खिलाफ लिखित शिकायत भी दर्ज कराई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया।इंदागांव थाना प्रभारी डोमेंद सिन्हा ने बताया कि चालक की शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है।नोट: वन अधिकारी पर लगाए गए अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज के आरोप बस चालक के आरोपों पर आधारित हैं। मामले की जांच जारी है और संबंधित पक्ष का विस्तृत बयान अभी सामने नहीं आया है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

