कोण्डागांव,12 जुलाई (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग एवं प्लाटून कमांडर (प्रारंभिक) परीक्षा रविवार को जिले के चार परीक्षा केन्द्रों में शांतिपूर्ण एवं कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई। जिले में पंजीकृत 1,057 अभ्यर्थियों में से 974 परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 83 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा का आयोजन प्रात: 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक किया गया।जिले में परीक्षा के लिए चार केन्द्र निर्धारित किए गए थे। शासकीय गुण्डाधूर स्नातकोत्तर महाविद्यालय में पंजीकृत 250 अभ्यर्थियों में से 235 उपस्थित रहे तथा 15 अनुपस्थित रहे। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केन्द्र में 250 में से 229 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 21 अनुपस्थित रहे। स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, तहसीलपारा केन्द्र में 257 में से 234 अभ्यर्थी उपस्थित रहे तथा 23 अनुपस्थित रहे। वहीं, स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, जामकोटपारा केन्द्र में पंजीकृत 300 अभ्यर्थियों में से 276 ने परीक्षा दी, जबकि 24 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।परीक्षा के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना के निर्देशन में व्यापक प्रशासनिक तैयारियां की गई थीं। डिप्टी कलेक्टर अश्वन कुमार पुसाम को नोडल अधिकारी तथा शशिभूषण कन्नौजे को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया था। परीक्षा केन्द्रों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने, उडऩदस्ता दलों के संचालन तथा परीक्षा सामग्री के सुरक्षित वितरण एवं संकलन के लिए तहसीलदार, आबकारी विभाग एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों की तैनाती की गई थी। सभी केन्द्रों पर परीक्षा आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हुई।
००००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

