रतलाम 12 जुलाई (आरएनएस)। अपर कलेक्टर बृजेंद्र रावत ने शनिवार को बाजना तहसील कार्यालय का निरीक्षण कर विभिन्न राजस्व एवं प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने फार्मर रजिस्ट्री, लघु सिंचाई संगणना, सीएम हेल्पलाइन तथा नामांतरण, बंटवारा सहित अन्य राजस्व प्रकरणों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्री रावत ने तहसीलदार श्री मनीष जैन से फार्मर रजिस्ट्री अभियान की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। तहसीलदार ने बताया कि पटवारियों के माध्यम से ग्रामवार कृषकों की सूची तैयार कराई जा रही है तथा जिन कृषकों की फार्मर रजिस्ट्री अभी शेष है, उनकी कारण सहित पृथक सूची तैयार की जा रही है। इस व्यवस्थित कार्यप्रणाली की अपर कलेक्टर ने सराहना करते हुए अभियान को और अधिक गति देने के निर्देश दिए।
अपर कलेक्टर ने कहा कि राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर शासन की मंशानुरूप कार्य करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

