बिलासपुर 12 जुलाई (आरएनएस) रतनपुर थाना क्षेत्र में ढाबा संचालक से चाकू की नोक पर लूट करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, थाना रतनपुर में अपराध क्रमांक 484/2026 के तहत बीएनएस की धारा 309, 296, 351(3), 115(2), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 व 27 के तहत मामला दर्ज किया गया है। घटना की शिकायत रतनपुर निवासी 36 वर्षीय आशीष गहलोत ने दर्ज कराई, जो नेशनल हाईवे स्थित गहलोत ढाबा का संचालन करते हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक 12 जुलाई 2026 की रात करीब एक बजे विकास उर्फ विक्कू रावत (25), शनि उर्फ राजा कश्यप (22) और ब्यासनारायण पाटले उर्फ छोटू (27), तीनों निवासी करैहापारा, रतनपुर, ढाबे पर पहुंचे और शराब की मांग को लेकर विवाद करने लगे। मना करने पर आरोपियों ने चाकू दिखाकर धमकाया। बीच-बचाव करने पहुंचे कर्मचारी विजेंद्र कमल के साथ भी हाथ-मुक्कों, स्टील पाइप और डंडे से मारपीट की गई। इसके बाद आरोपी गल्ले से 4500 रुपये लूटकर फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी कोटा नुपुर उपाध्याय के नेतृत्व में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय की टीम ने तत्काल दबिश देकर तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात स्वीकार कर ली, जिसके बाद उनके कब्जे से लूटी गई 4500 रुपये की नकदी, घटना में प्रयुक्त चाकू और लाठी बरामद कर जब्त कर ली गई। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
फिलहाल, रतनपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से लूट की वारदात का जल्द खुलासा हो गया और आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया गया। गौरतलब है कि पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और ऐसे अपराधों पर सख्ती से कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।




