राजनांदगांव 12 जुलाई (आरएनएस) शहर में शांति व्यवस्था भंग करने वाले तीन असामाजिक तत्वों के खिलाफ सिटी कोतवाली पुलिस ने सख्त प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर उत्पात मचा रहे आरोपियों को पकड़कर बीएनएसएस की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार किया और कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। कार्रवाई थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र में 12 जुलाई 2026 को की गई।
पुलिस के अनुसार, अम्बेडकर चौक ओवरब्रिज के नीचे प्रभात नगर निवासी 29 वर्षीय सुमन नायक उर्फ उड़ी और सहदेव नगर निवासी 19 वर्षीय विजय ठाकुर (स्थायी पता ग्राम तालमोला, जुनागढ़, ओडिशा) शराब पीकर आपस में विवाद कर रहे थे। वहीं दूसरी घटना में रायपुर नाका स्थित रेहमत ऑटो मोबाइल इलेक्ट्रिक शोरूम के पास बालाघाट निवासी 27 वर्षीय बुधराम उईके कथित रूप से खड़ी गाड़ी की चाबी निकालकर चोरी का प्रयास कर रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस टीम ने तीनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी आक्रोशित होकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने लगे। इससे क्षेत्र में शांति व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति बन गई। पुलिस ने तीनों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया। इस कार्रवाई का नेतृत्व थाना प्रभारी निरीक्षक उपेन्द्र कुमार शाह ने किया।
फिलहाल, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। गौरतलब है कि पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर सार्वजनिक स्थानों पर उपद्रव और अशांति फैलाने वालों पर लगातार कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

