कोरबा 13 जुलाई (आरएनएस)। कोरबा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित सीएसईबी चैकी अंतर्गत एक सूने मकान में चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर दो दोपहिया वाहन, सोने के जेवर और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मकान मालिक अपने घर में ताला लगाकर गांव गई हुई थी। घर की देखरेख के लिए उसने अपनी दोस्त अंजली सिंह को चाबी सौंप रखी थी। इसी दौरान उसके भाई और माता-पिता भी बिहार के औरंगाबाद जिले स्थित अपने पैतृक गांव गए हुए थे। शिकायतकर्ता जब पटना जंक्शन पर थी, तभी अंजली सिंह ने फोन कर घर में चोरी होने की सूचना दी।
कोरबा लौटने पर शिकायतकर्ता ने देखा कि मुख्य दरवाजे और कमरों के ताले टूटे हुए थे। अलमारी का लॉक भी टूटा मिला और घर का सामान बिखरा पड़ा था। इससे साफ था कि चोरों ने पूरे घर की तलाशी लेकर कीमती सामान समेट लिया।
चोर घर से एक हीरो स्प्लेंडर (सीजी 12 बी डब्ल्यू 2329) और एक होंडा एक्टिवा (सीजी 12 बीआर 4289) चोरी कर ले गए। दोनों वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा अलमारी में रखी एक जोड़ी सोने की बालियां, एक सोने की चेन तथा नगदी भी चोरी हो गई। नगदी और जेवरों की कुल कीमत का आकलन परिजनों के लौटने के बाद किया जाएगा।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4) और 305(ंए) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

