रायपुर, 13 जुलाईं (आरएनएस)। राजधानी रायपुर में बीते 24 घंटे के दौरान कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मामलों में पुलिस ने 17 अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं। इनमें दो नाबालिग लड़कियों के कथित अपहरण, मारपीट, सड़क दुर्घटना, अवैध हथियार रखने और घर में घुसकर हमला करने जैसी घटनाएं शामिल हैं।
० दो नाबालिग लड़कियों के अपहरण के मामले दर्ज
खमतराई और टिकरापारा थाना क्षेत्र में दो किशोरियों के लापता होने के बाद जांच के दौरान भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत अपहरण के मामले दर्ज किए गए हैं। खमतराई में 15 वर्षीय और टिकरापारा में 17 वर्षीय किशोरी को अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की शिकायत पर पुलिस जांच कर रही है।
० मारपीट और धमकी के कई मामले
पुरानी बस्ती, गुढिय़ारी, राजेंद्र नगर, कोतवाली, टिकरापारा, तेलीबांधा और देवेंद्र नगर थाना क्षेत्रों में पुरानी रंजिश, विवाद और गाली-गलौज के बाद मारपीट की कई घटनाएं सामने आईं। इन मामलों में आरोपियों के खिलाफ जान से मारने की धमकी, मारपीट और अन्य धाराओं में अपराध दर्ज किए गए हैं।
० घर में घुसकर हमला और मोबाइल छीनने का आरोप
टिकरापारा थाना क्षेत्र के काली नगर लालपुर में आरोपियों पर घर में घुसकर मारपीट करने और ओप्पो कंपनी का मोबाइल अपने कब्जे में लेने का मामला दर्ज किया गया है।
० तेज रफ्तार वाहन से दुर्घटना
सरस्वती नगर, तेलीबांधा और टिकरापारा थाना क्षेत्रों में तेज एवं लापरवाही से वाहन चलाने के तीन मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें एक बस द्वारा मकान की सीमेंट शीट क्षतिग्रस्त करने तथा दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में वाहन क्षतिग्रस्त होने और लोगों के घायल होने की शिकायतें शामिल हैं।
० अवैध चाकू के साथ किशोर पकड़ा गया
गोलबाजार थाना पुलिस ने शास्त्री बाजार गेट नंबर-1 के पास एक 16 वर्षीय अपचारी बालक को अवैध चाकू लेकर आम लोगों को डराने-धमकाने के आरोप में पकड़ा है। उसके खिलाफ आम्र्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने सभी मामलों में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपियों और अपहरण के मामलों में संदिग्धों की तलाश जारी है।
बंछोर
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

