रायगढ़, 13 जुलाईं (आरएनएस)। रायगढ़ जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन अंकुशÓ के तहत धरमजयगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम उदउदा में संचालित जुआ फड़ का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से पांच जुआरियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 17,650 रुपये नकद, ताश की गड्डी, जुआ खेलने में प्रयुक्त सामग्री तथा करीब ढाई लाख रुपये मूल्य के आठ दोपहिया वाहन जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार, रविवार शाम मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम उदउदा के आगे आम रास्ते पर कुछ लोग हार-जीत की बाजी लगाकर ‘काट-पत्तीÓ जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर एसडीओपी सिद्धांत तिवारी के निर्देशन और थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े के नेतृत्व में पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने उमेश देवनाथ, कालीचरण साह, मधुसूदन मंडल, सुशांत दास और ओमप्रकाश यादव को रंगे हाथों जुआ खेलते गिरफ्तार किया। मौके से 17,650 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश, जुआ फड़ में इस्तेमाल बोरी का टुकड़ा तथा फड़ के पास खड़े सुपर स्प्लेंडर, होंडा एक्टिवा, टीवीएस जुपिटर, एचएफ डीलक्स, हीरो ग्लैमर, सीडी डीलक्स, होंडा साइन और स्प्लेंडर सहित आठ दोपहिया वाहन जब्त किए गए। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा सभी आरोपियों पर बीएनएसएस की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े, एएसआई मंजु मिश्रा और रामसंजीवन वर्मा, प्रधान आरक्षक प्रकाश गिरी तथा आरक्षक मनोज कुमार, विजयानंद राठिया, अनूप जॉनसन केरकेट्टा और बीरबल टोप्पो की अहम भूमिका रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि ‘ऑपरेशन अंकुशÓ के तहत जुआ, सट्टा, अवैध शराब और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। सार्वजनिक स्थानों पर कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बंछोर
०००

