मुंगेली, 13 जुलाईं (आरएनएस)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन बाजÓ के तहत थाना चिल्फी पुलिस ने संपत्ति संबंधी चोरी के दो अलग-अलग मामलों का त्वरित खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 60 हजार रुपये नकद, चोरी किया गया सबमर्सिबल मोटर पंप और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, रंगियापारा निवासी लखन साहू ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी कपड़ा दुकान के गल्ले से लगातार पैसे गायब हो रहे हैं। जांच के दौरान दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें पिछले चार वर्षों से दुकान में कार्यरत कर्मचारी दुर्गेश साहू गल्ले से रुपये निकालते हुए दिखाई दिया। पूछताछ में आरोपी ने करीब 1.50 से 2 लाख रुपये की चोरी करना स्वीकार किया। उसके कब्जे से 60 हजार रुपये नकद बरामद कर गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इसी तरह, गैलूगांव निवासी संजय बघेल ने खेत से सीआरआई कंपनी का सबमर्सिबल मोटर पंप चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। घटना के दौरान उन्होंने तीन युवकों को मोटर पंप लेकर मोटरसाइकिल से भागते हुए देखा था। पुलिस ने तकनीकी जांच और साक्ष्यों के आधार पर भूपेंद्र दिवाकर, संजय बंजारे और महेंद्र दिवाकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें तीनों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। आरोपियों की निशानदेही पर करीब 20 हजार रुपये कीमत का चोरी गया सबमर्सिबल मोटर पंप और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई। इसके बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि जिले में ‘ऑपरेशन बाजÓ के तहत चोरी, लूट और अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी। अभियान का उद्देश्य अपराधियों पर अंकुश लगाकर आम नागरिकों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को और मजबूत करना है।
बंछोर
०००

