० वीआईपी और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए दुर्ग यातायात पुलिस ने जारी किए वैकल्पिक मार्ग
दुर्ग, 13 जुलाई (आरएनएस)। ग्राम गनियारी में 14 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाले स्वर्गीय पद्मश्री डॉ. तीजन बाई के श्रद्धांजलि कार्यक्रम के मद्देनजऱ दुर्ग यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वीआईपी, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
यातायात पुलिस के अनुसार कुम्हारी की ओर से आने वाले वाहन कुम्हारी चौक कुगदा अंडर ब्रिज – उरला – देवबलोदा – पार्थवी कॉलेज चौक (सिरसा कला) – ग्राम गनियारी मार्ग का उपयोग करेंगे।
वहीं उतई और सेलुद की ओर से आने वाले वाहन उतई/सेलुद – डुंडेरा – महका कला – ग्राम गनियारी मार्ग से कार्यक्रम स्थल तक पहुंच सकेंगे।
इसी प्रकार अमलेश्वर की ओर से आने वाले वाहन अमलेश्वर – मोतीपुर – औरी – आऊंधी – ग्राम गनियारी मार्ग का उपयोग करेंगे।
दुर्ग यातायात पुलिस ने सभी वाहन चालकों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें, यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें तथा अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करें।
पुलिस ने कहा है कि नागरिकों के सहयोग से श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने में सहायता मिलेगी।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

