० केसारी चौक के पास ग्राहक की तलाश में घूम रहा था युवक, 26 हजार रुपये से अधिक कीमत का गांजा जब्त
बलरामपुर-रामानुजगंज, 13 जुलाई (आरएनएस)। रघुनाथनगर पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2.224 किलोग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 26,688 रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार 12 जुलाई 2026 की दोपहर मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक अपने पि_ू बैग में अवैध गांजा रखकर रघुनाथनगर के केसारी चौक के पास बिक्री के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम -अनीश कुमार पनिका (21 वर्ष)-, निवासी -कोयल खुर्द, थाना माडा, जिला सिंगरौली (मध्यप्रदेश)- बताया। गवाहों की मौजूदगी में उसके बैग की तलाशी लेने पर ब्राउन टेप से लिपटे तीन पैकेटों में कुल -2.224 किलोग्राम गांजा- बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना रघुनाथनगर में -अपराध क्रमांक 78/2026- के तहत -धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट- के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। 13 जुलाई को विधिवत कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में -उपनिरीक्षक रघुनाथ मरावी, प्रधान आरक्षक आनंद सिंह तथा आरक्षक संजय जायसवाल और राममूरत यादव- की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

