दुर्गं, 13 जुलाई (आरएनएस)। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मेरा युवा भारत- माय भारत के अंतर्गत जिले के युवाओं को कौशल विकास, इंटर्नशिप, स्वयंसेवा और रोजगार के अवसरों से जोडऩे के लिए राष्ट्रीय मंच माय भारत पोर्टल (https://mybharat.gov.in) पर पंजीयन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देशानुसार जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, दुर्ग में आवेदकों की सुविधा के लिए एक विशेष पंजीयन काउंटर स्थापित किया गया है। इस काउंटर पर कार्यालय में आने वाले 15 वर्ष से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं का पोर्टल पर नि:शुल्क पंजीयन किया जाएगा। उपसंचालक (रोजगार) से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कौशल विकास, इंटर्नशिप और रोजगार के नए अवसरों की जानकारी प्राप्त करने के इच्छुक सभी पात्र आवेदक दुर्ग रोजगार कार्यालय में उपस्थित होकर अपना पंजीयन करा सकते हैं। युवाओं की सहायता और अधिक जानकारी के लिए कार्यालय के सूचना पटल पर क्यूआर कोड सहित सभी आवश्यक विवरण चस्पा कर दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने जिले के अधिक से अधिक युवाओं से इस राष्ट्रीय पोर्टल पर पंजीकृत होकर शासकीय योजनाओं और अवसरों का लाभ उठाने की अपील की है।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

