भिलाई, 14 जुलाईं (आरएनएस)। भिलाई के रामनगर इलाके में सोमवार रात करीब 8 बजे एक दो मंजिला मकान में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। जिस भवन में आग लगी, उसके भूतल पर दुकान और ऊपर रिहायशी हिस्सा था। आग की लपटें उठते ही आसपास के लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और घर में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि जान बचाने के लिए कुछ लोगों को बालकनी से कूदना पड़ा। वहीं कई स्थानीय युवक अपनी जान जोखिम में डालकर बालकनी तक पहुंचे और आग बुझाने के प्रयास में जुट गए। बचाव के दौरान घर का सामान भी बालकनी से नीचे उतारा गया, जबकि संभावित बड़े हादसे को टालने के लिए गैस सिलेंडर को भी पाइप के सहारे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। घटना की सूचना मिलने पर आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित करते हुए राहत कार्य में सहयोग किया। फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी कुछ देर बाद घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन उससे पहले ही स्थानीय लोगों ने बाल्टियों और पाइप से पानी डालकर काफी हद तक आग पर काबू पा लिया था।
आग लगने से मकान और उसमें रखा सामान क्षतिग्रस्त हुआ है, हालांकि इस घटना में किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।
बंछोर
000
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

