0 एयरपोर्ट तिराहा से मोटरसाइकिल समेत 24 हजार रुपये का माल जब्त, आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज
बिलासपुर, 14 जुलाई (आरएनएस)। अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चकरभाठा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 50 पाव देशी प्लेन शराब के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से अवैध शराब और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित करीब 24 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार 13 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति एयरपोर्ट तिराहा, चकरभाठा के पास मोटरसाइकिल में झोले में बड़ी मात्रा में देशी प्लेन शराब रखकर बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना स्तर पर टीम गठित कर बताए गए स्थान पर घेराबंदी की गई।
पुलिस ने मौके से रामानंद राजपूत (38 वर्ष) निवासी ग्राम उमरिया, थाना बिल्हा, जिला बिलासपुर को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके मोटरसाइकिल में रखे झोले से 50 नग देशी प्लेन शराब पाव (प्रत्येक 180 मिलीलीटर), कुल 9 लीटर शराब बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी शराब रखने अथवा बिक्री करने संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने अवैध शराब एवं मोटरसाइकिल को जब्त कर आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।
चकरभाठा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध शराब, जुआ, सट्टा या अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल स्थानीय थाना या डायल-112 पर दें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

