0 मुख्यालय पर अनुपस्थित पाए जाने पर होगी कड़ी कार्रवाई
कोरिया, 14 जुलाई (आरएनएस)। ग्रामीण क्षेत्रों में राजस्व संबंधी कार्यों को अधिक सुगम, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने जिले के सभी पटवारियों एवं पंचायत सचिवों को महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने कहा कि अब प्रत्येक सोमवार को सभी पटवारी अपने-अपने हल्का मुख्यालय तथा पंचायत सचिव अपने ग्राम पंचायत मुख्यालय में कार्यालयीन समय के दौरान अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे और ग्रामीणों के राजस्व एवं अन्य आवश्यक कार्यों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करेंगे।
उन्होंने यह निर्देश अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बैकुंठपुर एवं सोनहत तथा जिले के सभी तहसीलदारों को दिए हैं। मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में राजस्व प्रकरणों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए।
कलेक्टर श्रीमती यादव ने जनपद पंचायत बैकुंठपुर एवं सोनहत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक सोमवार को सभी ग्राम पंचायत सचिव भी अपने-अपने मुख्यालय में उपस्थित रहना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पटवारी एवं पंचायत सचिव आपसी समन्वय के साथ किसानों, ग्रामीणों तथा छात्र-छात्राओं से जुड़े कार्यों का त्वरित एवं प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करें।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सप्ताह के शेष दिनों में पटवारी आवश्यकता के अनुसार अपने मुख्यालय, अतिरिक्त प्रभार वाले हल्कों अथवा फील्ड में रहकर राजस्व एवं अन्य प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
कलेक्टर ने प्रत्येक पटवारी को अपने मुख्यालय कार्यालय एवं संबंधित ग्राम पंचायत भवन की दीवार पर आवश्यक जानकारी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित कराने के निर्देश भी दिए हैं। इसमें पटवारी का नाम, संबंधित राजस्व निरीक्षक मंडल, मुख्यालय ग्राम, मोबाइल नंबर, मुख्यालय में मिलने का निर्धारित दिवस तथा कार्यालयीन समय अंकित किया जाएगा। इससे ग्रामीणों को पटवारी की उपलब्धता की जानकारी आसानी से मिल सकेगी और उन्हें राजस्व कार्यों के लिए अनावश्यक भटकना नहीं पड़ेगा।
जिन पटवारियों के पास एक से अधिक हल्कों का प्रभार है, वे अतिरिक्त प्रभार वाले मुख्यालयों में भी यह जानकारी प्रदर्शित करेंगे कि प्रत्येक सोमवार को वे अपने मूल हल्का मुख्यालय में उपलब्ध रहेंगे, ताकि संबंधित क्षेत्रों के नागरिकों को पूर्व से ही उनकी उपलब्धता की जानकारी मिल सके।
प्रशासन का मानना है कि पटवारी एवं पंचायत सचिवों की नियमित मुख्यालय उपस्थिति से नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, राजस्व अभिलेखों से संबंधित प्रकरणों, जन्म प्रमाण-पत्र तथा शैक्षणिक दस्तावेजों सहित विभिन्न प्रशासनिक कार्यों का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण होगा। इससे ग्रामीणों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध होंगी और प्रशासन एवं आमजन के बीच समन्वय भी मजबूत होगा।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई पटवारी या पंचायत सचिव निर्धारित दिवस पर बिना अनुमति मुख्यालय से अनुपस्थित पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

