बलौदाबाजार-भाटापारा, 14 जुलाईं (आरएनएस)। जिले के बहुचर्चित पुराना खर्वे सुहागा जहर कांड का पर्दाफाश करने वाली कसडोल पुलिस की टीम को मंगलवार को सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा ने कसडोल पहुंचकर इस जघन्य हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने वाले 26 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
विशेष सम्मान समारोह में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अत्यंत संवेदनशील और अंधे कत्ल जैसे मामलों में वैज्ञानिक साक्ष्यों और सूक्ष्म विवेचना के आधार पर अपराधियों तक पहुंचना पुलिस की बड़ी उपलब्धि है। ऐसी कार्रवाई से आम जनता का पुलिस और न्याय व्यवस्था पर भरोसा मजबूत होता है।
शराब में जहर मिलाकर की गई थी 8 ग्रामीणों की हत्या
पुलिस के अनुसार, ग्राम पुराना खर्वे निवासी रामसहाय जायसवाल ने पुरानी रंजिश के चलते सुनियोजित साजिश के तहत आठ ग्रामीणों को शराब में सुहागा (जहर) मिलाकर पिला दिया था, जिससे उनकी मौत हो गई। मृतकों के परिजनों ने उनका अंतिम संस्कार कर दिया था, लेकिन बाद में हत्या की आशंका जताई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कसडोल पुलिस ने न्यायालय से अनुमति लेकर कब्र से शवों का उत्खनन (एक्सह्यूमेशन) कराया। इसके बाद शवों का पोस्टमार्टम और वैज्ञानिक जांच कराई गई। जुटाए गए वैज्ञानिक साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
26 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी हुए सम्मानित
इस जटिल और चुनौतीपूर्ण मामले की विवेचना में उत्कृष्ट कार्य करने पर उप पुलिस अधीक्षक कौशल किशोर वासनिक, थाना प्रभारी प्रवीण भीम, सायबर सेल प्रभारी निरीक्षक प्रणाली वैद्य, चौकी प्रभारी एवं थाना स्टाफ सहित कुल 26 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार प्रदान किया गया।
पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा ने पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि लगन, टीमवर्क और वैज्ञानिक जांच के कारण ही इस सनसनीखेज हत्याकांड का सफल खुलासा संभव हो सका। उन्होंने भविष्य में भी इसी तरह पेशेवर और निष्पक्ष जांच करते हुए अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रखने का आह्वान किया।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

