राजनांदगांव, 14 जुलाईं (आरएनएस)। जिले के बसंतपुर थाना पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर धारदार चाकू लेकर लोगों में दहशत फैला रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लोहे का धारदार चाकू बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान तुलाराम सोनकर (37 वर्ष), निवासी सोनकरपारा, नंदई चौक, थाना बसंतपुर के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध पूर्व से मारपीट का मामला भी दर्ज है।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के निर्देशन में जिले में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत बसंतपुर पुलिस को सूचना मिली कि नंदई चौक स्थित सार्वजनिक स्थान पर एक व्यक्ति धारदार चाकू लेकर लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक धारदार लोहे का चाकू बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 323/2026 के तहत आम्र्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 में मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद जेल वारंट मिलने पर आरोपी को जिला जेल राजनांदगांव भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक नरेश सार्वा, सहायक उपनिरीक्षक मनमोहन साहू, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक हीरामणी चन्द्रा, आरक्षक चन्द्रशेखर श्रीवास, लक्ष्मण नेताम तथा महिला आरक्षक अनुपमा चन्द्रवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में असामाजिक और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

