१५ दिवसीय नाट्य कार्यशाला का सफल समापन
प्रयागराज १४ जुलाई (आरएनएस)। उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के सहयोग से संस्था भारतोदय द्वारा सीता इंटर कॉलेज में आयोजित १५ दिवसीय नाट्य कार्यशाला का आज सफलतापूर्वक समापन हुआ। कार्यशाला का निर्देशन युवा रंग निर्देशक जूही कुमारी ने किया।
समापन समारोह का शुभारंभ विद्यालय के अध्यक्ष रमेश वाजपेयी एवं राज्य ललित कला अकादमी के उपाध्यक्ष गिरीश चंद्र मिश्र द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके उपरांत कार्यशाला में प्रशिक्षित ३२ छात्र-छात्राओं ने प्रसिद्ध रंगकर्मी चन्द्रभाष सिंह द्वारा लिखित नाटक मैं कृष्ण हूँ का प्रभावशाली मंचन प्रस्तुत किया। नाटक मैं कृष्ण हूँ भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके आदर्शों तथा उनके मानवीय और दार्शनिक स्वरूप को वर्तमान समय की परिस्थितियों से जोड़ते हुए प्रस्तुत करता है।
१५ दिवसीय इस कार्यशाला में कुल ३२ छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को अभिनय, वाचन, संवाद-अभिनय, शारीरिक अभिव्यक्ति, मंच अनुशासन, चरित्र-निर्माण तथा रंगमंच की विभिन्न तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

