बैहर 14 जुलाई (आरएनएस)। डिस्ट्रिक्ट डेंटल एसोसिएशन (डीटीए) एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के संयुक्त तत्वावधान में शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय बैहर में विशाल विद्यार्थी दंत परीक्षण एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में संकुल केंद्र के अंतर्गत 15 शासकीय एवं निजी विद्यालयों के लगभग 1500 छात्र-छात्राओं का विशेषज्ञ दंत चिकित्सकों द्वारा परीक्षण कर आवश्यक उपचार एवं परामर्श प्रदान किया गया।
डिस्ट्रिक्ट डेंटल एसोसिएशन की जिला अध्यक्ष डॉ. मीरा अरोरा ने बताया कि यह शिविर श्री त्रिलोकचंद-श्रीमती शांति देवी कोचर ट्रस्ट, दृष्टि फाउंडेशन बालाघाट एवं विभिन्न फार्मा कंपनियों के सहयोग से आयोजित किया गया। शिविर में उपस्थित 17 दंत चिकित्सकों की टीम ने विद्यार्थियों के दांतों की जांच की तथा उन्हें दांतों की स्वच्छता एवं मौखिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। साथ ही सभी विद्यार्थियों को टूथब्रश, टूथपेस्ट एवं आवश्यकता अनुसार दवाइयों का भी नि:शुल्क वितरण किया गया।
शिविर में शासकीय मॉडल स्कूल, पीएमश्री कन्या शाला, माध्यमिक शाला आबकारी टोला, कम्पाउंडर टोला, रौंदाटोला, शासकीय अंग्रेजी आश्रम शाला, चक्रवर्ती पब्लिक स्कूल, लिटिल किंगडम स्कूल, विवेक ज्योति स्कूल, मिशन स्कूल, विवेकानंद स्कूल, परिवर्तन मिशन स्कूल, सरस्वती शिशु मंदिर, टैगोर पब्लिक स्कूल तथा शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय सहित कुल 15 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में श्री त्रिलोकचंद-श्रीमती शांति देवी कोचर ट्रस्ट के मुख्य ट्रस्टी एवं समाजसेवी जितेंद्र कोचर, मध्यप्रदेश डेंटल एसोसिएशन के स्टेट प्रेसिडेंट डॉ. जी.डी. अवधिया, उत्कृष्ट विद्यालय बैहर के प्राचार्य आलोक कुमार चौरे, वरिष्ठ दंत चिकित्सक डॉ. ए.पी. अरोरा तथा समाजसेवी नितिन जैन विशेष रूप से उपस्थित रहे।
शिविर के सफल संचालन में जिला सचिव डॉ. आदित्य बढ़ई, डॉ. अक्षय अरोरा, डॉ. अलका परते, डॉ. स्नेहा बिसेन, डॉ. अश्विनी उइके, डॉ. नीलिमा लिल्हारे, डॉ. नेहा बिसेन, डॉ. योगेश बिसेन, डॉ. बीनू खोसला, डॉ. शैलजा दुबे, डॉ. विभा चौधरी, डॉ. अक्षय चौहान, डॉ. प्रयाग राजपूत, डॉ. अमन खोसला, डॉ. अक्षय कसवे, डॉ. सुलभ पगारिया एवं डॉ. अमित मिश्रा सहित सभी चिकित्सकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
इसके अलावा स्थानीय स्तर पर सभी विद्यालयों के संस्था प्रमुखों, विक्रम जैन, खेल समन्वयक राजेश बमहुरे, संजय लाकड़े, विभिन्न फार्मा कंपनियों तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के 62 स्वयंसेवक छात्र-छात्राओं ने शिविर को सफल बनाने में सराहनीय सहयोग प्रदान किया। आयोजन के अंत में विद्यार्थियों को नियमित दंत परीक्षण, सही तरीके से ब्रश करने और मौखिक स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

