0 मोबाइल-चाकू समेत साक्ष्य जब्त
रायगढ़, 15 जुलाई (आरएनएस)। रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में सूर्योदय प्लांट के एक सुरक्षा गार्ड से लूटपाट कर चाकू से हमला करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने घटना के चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने गार्ड का मोबाइल और पर्स लूटने के साथ ही उसके फोन-पे खाते से 30 हजार रुपये भी ट्रांसफर करा लिए थे। पुलिस ने लूटा गया मोबाइल, घटना में प्रयुक्त चाकू, सिम कार्ड और बैंक खाते से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पूंजीपथरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
बाजार जाते समय बनाया निशाना
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी कुबेर कुमार यादव (25 वर्ष) निवासी ग्राम ढोढ़ीआरा, थाना तपकरा (जिला जशपुर) वर्तमान में सूर्योदय प्लांट कॉलोनी में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत है। उसने 14 जुलाई को थाना पूंजीपथरा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 13 जुलाई की शाम करीब 4:30 बजे वह कंपनी से ग्राम तुमीडीह बाजार जाने के लिए पैदल निकला था।
कंपनी के मुख्य द्वार से करीब 100-200 मीटर आगे पहुंचते ही मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने उसे घेर लिया और मोबाइल, पर्स व नकदी की मांग की। विरोध करने पर एक आरोपी ने चाकू से उसके पेट के पास वार कर घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी उसका Vivo T3 मोबाइल (कीमत लगभग 11 हजार रुपये) और पर्स लूटकर फरार हो गए।
फोन-पे से 30 हजार रुपये भी कराए ट्रांसफर
घटना के बाद पुलिस ने थाना पूंजीपथरा में अपराध क्रमांक 171/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(6) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वारदात में शामिल तीन युवक वेज्रौन कंपनी, चिराईपानी के पास मौजूद हैं। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर तीनों को हिरासत में लिया। पूछताछ और पीडि़त द्वारा पहचान किए जाने पर आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया।
मोबाइल, चाकू और बैंक साक्ष्य बरामद
पुलिस ने आरोपी कुलदीप सिंह के कब्जे से लूटा गया मोबाइल बरामद किया। वहीं आरोपी जगन्नाथ सोनी उर्फ सोनू के मेमोरेंडम के आधार पर घटना में प्रयुक्त चाकू, एक सिम कार्ड तथा पीडि़त के मोबाइल के जरिए उसके फोन-पे खाते से 30 हजार रुपये ट्रांसफर किए जाने से जुड़े बैंक साक्ष्य भी जब्त किए गए।
तीनों आरोपी जेल भेजे गए
गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं—
कुलदीप सिंह (33 वर्ष), निवासी बेला झरिया, थाना मरवाही, जिला गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, वर्तमान निवासी वेज्रौन कंपनी क्वार्टर, पूंजीपथरा।
जगन्नाथ सोनी उर्फ सोनू (21 वर्ष), निवासी ग्राम कचकोबा, थाना तमनार, वर्तमान निवासी एनआर इस्पात, देलारी, पूंजीपथरा।
अनिकेत धनवार (19 वर्ष), निवासी ग्राम कसडोल, थाना तमनार।
तीनों आरोपियों को 14 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी कुलदीप सिंह पूर्व में ट्रेलर वाहन चोरी के मामले में भी आरोपी रह चुका है।
एसएसपी का सख्त संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि लूटपाट जैसे हिंसक अपराध करने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की त्वरित और कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। आमजन की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव, एएसआई उमाशंकर विश्वाल तथा आरक्षक ओमप्रकाश तिवारी, विनोद शर्मा, शेखर चंद्राकर और नरेन्द्र पैंकरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
0

